सर्वनाम - परिभाषा, प्रमुख कार्य, भेद
संज्ञा के बदले जिन शब्दों का प्रयोग होता है उन्हें सर्वनाम कहते हैं। जैसे—
वह, उसे, उसने, मैं, मेरा, मेरे, वे, हम, हमलोग आदि।
उदाहरण :
- राम एक लड़का है।
- वह पढ़ने में तेज है।
- उसने कड़ी मेहनत की है।
- उसे अवश्य सफलता मिलेगी।
मोटे अक्षरवाले शब्द सर्वनाम हैं, क्योंकि ये राम (संज्ञा) के बदले आए हैं। यदि सर्वनाम का प्रयोग न किया जाए, तो उपर्युक्त वाक्य भद्दे लगेंगे। जैसे—
- राम एक लड़का है।
- राम पढ़ने में तेज है।
- राम ने कड़ी मेहनत की है।
- राम को अवश्य सफलता मिलेगी
स्पष्ट है कि वाक्य की सुन्दरता को बनाए रखने के लिए या संज्ञा की पुनरुक्ति न हो, इसके लिए सर्वनाम का प्रयोग आवश्यक है। हिन्दी में कुल 11 मूल सर्वनाम हैं-मैं, तू, आप, यह, वह, जो, सो, कोई, क्या, कुछ और कौन। इन्हीं मूल सर्वनामों से विभिन्न प्रकार के सर्वनामों की उत्पत्ति हुई है।
सर्वनाम के कार्य
सर्वनाम के निम्नलिखित प्रमुख कार्य है-
सर्वनाम के कार्य (1) : जहाँ संज्ञा उसी वस्तु का बोध कराती है जिसका वह नाम है, वहाँ सर्वनाम किसी भी वस्तु का बोध कराता है, यदि पहले वह संज्ञा आ गई हो। जैसे—
राम अच्छा लड़का है। | - | वह मेरा भाई है। |
सीता अच्छी लड़की है। | - | वह मेरी बहन है। |
इस कुत्ते को देखो। | - | यह मेरा है। |
मुझे कई कलमें हैं। | - | वे कीमती है |
सर्वनाम के कार्य (2) : सर्वनाम नामों (संज्ञाओ) की पुनरुक्ति रोकता है। जैसे—
- पुनरुक्ति दोष सहित—मोहन अच्छा लड़का है। मोहन बी. ए. में पढ़ता है। मोहन पढ़ने में तेज है।
- पुनरुक्ति दोष रहित—मोहन अच्छा लड़का है। वह बी. ए. में पढ़ता है। वह पढ़ने में तेज है।
सर्वनाम के कार्य (3) : सर्वनाम आदर-अनादर या छोटे-बड़े का बोध कराता है। जैसे—
- आप मेरी बहन हैं। (आदर या बड़े का बोध)
- तू यहाँ से भाग। (अनादर या छोटे का बोध)
सर्वनाम के कार्य (4) : सर्वनाम निकटता और दूरी का बोध कराता है। जैसे—
यह लड़का है। | निकटता का बोध |
ये लड़के हैं। | निकटता का बोध |
वह लड़का है। | दूरी का बोध |
वे लड़के हैं। | दूरी का बोध |
सर्वनाम के कार्य (5) : सर्वनाम निश्चय और अनिश्चय का बोध कराता है। जैसे—
उसे बुलाओ। | निश्चित व्यक्ति |
किसी को बुलाओ । | अनिश्चित व्यक्ति |
सर्वनाम के कार्य (6) : सर्वनाम प्रधान वाक्य और आश्रित वाक्यों में संबंध जोड़ता है। जैसे—
- बिन विचारे जो करे, सो पाछे पछताय।
सर्वनाम के कार्य (7) : सर्वनाम जिज्ञासा को अभिव्यक्त करता है। जैसे—
- कौन आया है?
- तुम्हें क्या चाहिए ?
सर्वनाम के भेद
सर्वनाम के छह भेद हैं-
- पुरुषवाचक सर्वनाम (Personal Pronoun)
- निश्चयवाचक सर्वनाम (Demonstrative Pronoun)
- अनिश्चयवाचक सर्वनाम (Indefinite Pronoun)
- संबंधवाचक सर्वनाम (Relative Pronoun)
- निजवाचक सर्वनाम (Reflexive Pronoun)
- प्रश्नवाचक सर्वनाम (Interrogative Pronoun)