⁠सर्वनाम - परिभाषा, प्रमुख कार्य, भेद

संज्ञा के बदले जिन शब्दों का प्रयोग होता है उन्हें सर्वनाम कहते हैं। जैसे—

वह, उसे, उसने, मैं, मेरा, मेरे, वे, हम, हमलोग आदि।

उदाहरण :

  • राम एक लड़का है।
  • वह पढ़ने में तेज है।
  • उसने कड़ी मेहनत की है।
  • उसे अवश्य सफलता मिलेगी।

मोटे अक्षरवाले शब्द सर्वनाम हैं, क्योंकि ये राम (संज्ञा) के बदले आए हैं। यदि सर्वनाम का प्रयोग न किया जाए, तो उपर्युक्त वाक्य भद्दे लगेंगे। जैसे—

  • राम एक लड़का है।
  • राम पढ़ने में तेज है।
  • राम ने कड़ी मेहनत की है।
  • राम को अवश्य सफलता मिलेगी

स्पष्ट है कि वाक्य की सुन्दरता को बनाए रखने के लिए या संज्ञा की पुनरुक्ति न हो, इसके लिए सर्वनाम का प्रयोग आवश्यक है। हिन्दी में कुल 11 मूल सर्वनाम हैं-मैं, तू, आप, यह, वह, जो, सो, कोई, क्या, कुछ और कौन। इन्हीं मूल सर्वनामों से विभिन्न प्रकार के सर्वनामों की उत्पत्ति हुई है।

सर्वनाम के कार्य

सर्वनाम के निम्नलिखित प्रमुख कार्य है-

सर्वनाम के कार्य (1) : जहाँ संज्ञा उसी वस्तु का बोध कराती है जिसका वह नाम है, वहाँ सर्वनाम किसी भी वस्तु का बोध कराता है, यदि पहले वह संज्ञा आ गई हो। जैसे—

राम अच्छा लड़का है।-वह मेरा भाई है।
सीता अच्छी लड़की है।-वह मेरी बहन है।
इस कुत्ते को देखो।-यह मेरा है।
मुझे कई कलमें हैं।-वे कीमती है

सर्वनाम के कार्य (2) : सर्वनाम नामों (संज्ञाओ) की पुनरुक्ति रोकता है। जैसे—

  1. पुनरुक्ति दोष सहित—मोहन अच्छा लड़का है। मोहन बी. ए. में पढ़ता है। मोहन पढ़ने में तेज है।
  2. पुनरुक्ति दोष रहित—मोहन अच्छा लड़का है। वह बी. ए. में पढ़ता है। वह पढ़ने में तेज है।

सर्वनाम के कार्य (3) : सर्वनाम आदर-अनादर या छोटे-बड़े का बोध कराता है। जैसे—

  1. आप मेरी बहन हैं। (आदर या बड़े का बोध)
  2. तू यहाँ से भाग। (अनादर या छोटे का बोध)

सर्वनाम के कार्य (4) : सर्वनाम निकटता और दूरी का बोध कराता है। जैसे—

यह लड़का है।निकटता का बोध
ये लड़के हैं।निकटता का बोध
वह लड़का है।दूरी का बोध
वे लड़के हैं।दूरी का बोध

सर्वनाम के कार्य (5) : सर्वनाम निश्चय और अनिश्चय का बोध कराता है। जैसे—

उसे बुलाओ। निश्चित व्यक्ति
किसी को बुलाओ । अनिश्चित व्यक्ति

सर्वनाम के कार्य (6) : सर्वनाम प्रधान वाक्य और आश्रित वाक्यों में संबंध जोड़ता है। जैसे—

  1. बिन विचारे जो करे, सो पाछे पछताय।

सर्वनाम के कार्य (7) : सर्वनाम जिज्ञासा को अभिव्यक्त करता है। जैसे—

  1. कौन आया है?
  2. तुम्हें क्या चाहिए ?

सर्वनाम के भेद

सर्वनाम के छह भेद हैं-

  1. पुरुषवाचक सर्वनाम (Personal Pronoun)
  2. निश्चयवाचक सर्वनाम (Demonstrative Pronoun)
  3. अनिश्चयवाचक सर्वनाम (Indefinite Pronoun)
  4. संबंधवाचक सर्वनाम (Relative Pronoun)
  5. निजवाचक सर्वनाम (Reflexive Pronoun)
  6. प्रश्नवाचक सर्वनाम (Interrogative Pronoun)